एस पी तंवर
बिजनौर (परिपाटी न्यूज)। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती–2025 के अंतर्गत 32,679 पदों पर भर्ती की घोषणा की गई है। शासनादेश संख्या I/1194447/6-1001(008)/24/2023, दिनांक 05 जनवरी 2026 के अनुसार सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में 3 वर्ष की छूट प्रदान की गई है, जो होमगार्ड स्वयंसेवकों पर भी लागू होगी। इस घोषणा के बाद बिजनौर जिले के युवाओं में इसे लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।हालांकि उत्साह के बीच कुछ युवाओं में निराशा भी देखने को मिल रही है। उनका कहना है कि पूर्व की भर्तियों में देरी और चयन प्रक्रिया को लेकर असमंजस के कारण अभी भी पूरी तरह

भरोसा नहीं बन पाया है। इसके बावजूद अधिकांश अभ्यर्थियों का मानना है कि आयु सीमा में छूट उन युवाओं के लिए बड़ी राहत है, जो पिछले वर्षों में अवसर न मिलने के कारण प्रतियोगिता से बाहर हो गए थे।जानकारों का कहना है कि यह भर्ती प्रदेश सरकार की युवाओं को रोजगार से जोड़ने और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की नीति का हिस्सा है। यदि भर्ती प्रक्रिया समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पूरी की जाती है, तो यह न केवल पुलिस व्यवस्था को मजबूती देगी, बल्कि युवाओं में यह विश्वास भी जगाएगी कि मेहनत और तैयारी का फल अवश्य मिलता है।