किसान बंधु जैविक खेती को दें प्राथमिकता तथा गन्ने के साथ ड्रैगन फ्रूट सहित अन्य प्रजातियों को दें प्राथमिकता – जिलाधिकारी
अजमल अंसारी
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़)जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन आत्मा‘‘ योजना अन्तर्गत माननीय स्व0 चौधरी चरण सिंह जी के जन्मदिवस के अवसर पर नुमाइश ग्राउंड, बिजनौर में किसान सम्मान दिवस के शुभ अवसर पर कृषि गोष्ठी का आयोजन किया गया। किसान सम्मान दिवस/कृषक गोष्ठी का जिलाधिकारी द्वारा फीता काटकर उद्घाटन किया गया। जिलाधिकारी एवं श्रीमती संगीता जैन द्वारा किसान सम्मान दिवस के अवसर पर आयोजित कृषि गोष्ठी में लगाई गयी कृषि से सम्बद्ध विभागों यथा कृषि, भूमि संरक्षण, जिला सहकारी बैंक, उद्यान, मत्स्य, गन्ना, पशुपालन, डेयरी, सहकारिता आदि विभागों द्वारा एवं निजी थोक विक्रेता तथा कंपनियों द्वारा उर्वरक, बीज एवं कृषि रक्षा रसायन की लगभग 40 स्टालों का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
कार्यक्रम में माननीय महिला आयोग की सदस्य संगीता जैन, नगर पालिका अध्यक्ष इंदिरा सिंह, डॉ घनश्याम वर्मा उप कृषि निदेशक, जसवीर सिंह तेवतिया जिला कृषि अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, लीड बैंक अधिकारी बिजनौर, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, पी0एन0 सिंह जिला गन्ना अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी सहित जनपद के समस्त विकास खण्डों से भारी संख्या में कृृषकोें द्वारा प्रतिभाग किया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्व0 चौधरी चरण सिंह की विचारधारा एवं उनके आदर्शों को अपनाकर ही हम अपना व समाज का सुधार कर सकते हैं। किसानों को वर्तमान की आवश्यकता के अनुसार फसल पद्धति को अपनाने की आवश्यकता है। कृषक जैविक खेती को अपनाकर अधिक लाभ प्राप्त कर सकते हैं। वर्तमान में जो किसान जैविक खेती कर रहे हैं, उनकी आय में लगातार वृद्धि हो रही है। जैविक उत्पादों से स्वास्थ्य पर भी अच्छा प्रभाव पड़ रहा है एवं जमीन की उर्वरता क्षमता में बढ़ोत्तरी हो रही है। उन्होंने प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार/राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ कृषकों तक पहुँचाने के लिए जिला प्रशासन/। एवं कृषि विभाग कटिबद्ध है।
मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह द्वारा स्व0 चौधरी चरण सिंह के जीवन पर प्रकाश डालते हुए अपील की गयी कि हमें चौधरी साहब के आदर्शो को आत्मसात करने की अत्यधिक आवश्यकता है। जिस प्रकार से चौधरी चरण सिंह एक गरीब परिवार से अपने परिश्रम, समाजसेवा, ईमानदारी व लगन से प्रधानमंत्री के सर्वोच्च पद तक पहुंचे, यह अपने आप में बहुत बड़ी बात है। चौधरी चरण सिंह अपने छोटे से छोटे सहयोगी का पूर्ण रूप से ख्याल रखते थे। साथ ही किसान सम्मान दिवस के अवसर पर आये किसान भाईयों को अवगत कराया कि स्व0 चौधरी चरण सिंह जी द्वारा लाया गया जमीदारी उन्मूलन कानून एक क्रान्तिकारी कदम था जिससे आज के किसानों को जमीदारों से मुक्ति, जमीदारी उन्मूलन की ही देन है। साथ ही जनपद में उपलब्ध कृषि निवेशों के विषय में विस्तृत रूप से जानकारी दी गयी तथा कृषकों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ उठाने हेतु अनुरोध किया गया, ताकि यदि कृषकों की फसलों में कोई नुकसान हो तो उसकी भरपाई हो सके।
उप कृृषि निदेशक डॉ घनश्याम वर्मा द्वारा किसान सम्मान दिवस के अवसर पर अपने सम्बोधन में स्व0 चौधरी चरण सिंह जी के जीवन की महत्वपूर्ण घटनाओं का व्याख्यान किया गया। इनके द्वारा अवगत कराया गया कि महात्मा गांधी जी द्वारा प्रतिध्वनित आजादी की आवाज से चौधरी साहब के जीवन में हलचल पैदा कर दी और वह आजादी के आंदोलन मेें कूद पड़े। गांवों, खेतों, खलिहानों में बैठकें करके अपना एक ऐसा समूह गठित किया, जिससे गरीब किसान एवं शोषित वर्ग उनके पीछे चल पड़े। आजादी के बाद प्रदेश सरकार के महत्वपूर्ण पदों एवं मंत्रालयों में रहकर सराहनीय कार्य किये। प्रदेश के कृृषि मंत्री एवं मुख्यमंत्री तथा भारत सरकार के प्रधानमंत्री के रूप में उनकी ख्याति आज भी विद्यमान है। साथ ही जनपद में कृषि विभाग में चल रही योजनाओं एवं देय अनुदान के विषय में विस्तृत रूप से जानकारी दी गयी।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी द्वारा फसलों को कीट/रोग से बचाव हेतु तकनीकी जानकारी देते हुए फसलों के मानक के अनुरूप कृषि रक्षा रसायनों को प्रयोग करने की सलाह दी गयी।
जिला कृषि अधिकारी द्वारा गोष्ठी में आये किसान से रबी फसलों की सही प्रजाति का चयन, समय से बुवाई, बीज शोधन, संतुलित उर्वरक व समय से सिंचाई कर अधिक उत्पादन प्राप्त करने के विषय में तकनीकी जानकारी दी गयी। कृषि विज्ञान केन्द्र की वैज्ञानिक द्वारा औद्यानिक फसलों स्ट्रॉबेरी, अमरूद, ड्रैगन फ्रूट की खेती की तकनीकी जानकारी के बारे में तथा डा0 पिन्टू कुमार द्वारा कृषकों को तिलहन, दलहन फसलों यथा राई/सरसों, तोरिया, मसूर, चना, अरहर आदि के विषय में विस्तृत जानकारी दी गयी।
किसान सम्मान दिवस के अवसर पर कृृषि व अन्य क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले कृृषि के गन्ना विभाग , उद्यान विभाग, पशुपालन विभाग,मत्स्य विभाग के 90 कृृषकों को जिलाधिकारी द्वारा प्रमाण पत्र व शॉल उढ़ाकर सम्मानित किया।