रिपोर्ट मुनेश चन्द शर्मा परिपाटी न्यूज मीडिया चांदपुर
चान्दपुर बिजनौर (परिपाटी न्यूज) चांदपुर के द हेज़लमून स्कूल में 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया। कार्यक्रम का प्रारंभ परंपरागत दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। स्कूल पहुँचे 12वीं के विद्यार्थियों का स्वागत उनके अध्यापकों व 11वीं कक्षा के छात्रों द्वारा फूलों की वर्षा करके व तिलक लगाकर किया गया। पार्टी का आगाज स्वागत गीत व स्पीच द्वारा अपर्श व लारेब ने किया। 11वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए गये।निवर्तमान कक्षा

प्रतिनिधियों ने यादगार स्कूल यात्रा के लिए अपने गुरुओं और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर लिया। प्रत्येक छात्र को उनकी स्कूल की यादों को संजोने के लिए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। बारहवीं कक्षा के छात्रों ने स्कूल व अध्यापकों के प्रति अपने प्रेम व भावनाओं को कविता व गीत के माध्यम से प्रकट किया। इन कार्यक्रमों के अलावा सीनियर्स के लिए विभिन्न प्रकार की फन गेम्स भी करवाए गए। सुंदर व रंग-बिरंगे परिधानों से सजे छात्रों की चहल-पहल से सारा “द हेजलमून स्कूल” परिसर गूंज उठा। इस पार्टी को “सायोनारा” का नाम दिया गया। 11वीं कक्षा के छात्रों ने 12वीं कक्षा के छात्रों को विभिन्न टाइटल्स के साथ सम्मानित किया । मिस्टर कांजेनिअलिटी के खिताब से “यश” को, मिस विवेसियश से “कशिश” को तथा मिस फेयरवेल के खिताब से “जाह्नवी” को और मिस्टर फेयरवेल के खिताब से “शेखर” को सम्मानित किया गया। स्कूल की ओर से 12वीं कक्षा के छात्रों को गिफ्ट दिए गए। प्रत्येक छात्र को उनकी स्कूल की यादों को संजोने के लिए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।प्रिंसिपल गरिमा सिंह ने उनके भविष्य के प्रयासों के लिए आशीर्वाद व शुभकामनाएँ दीं।स्कूल डायरेक्टर शक्ति अनिरुद्ध मित्तल ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए अपने संबोधन में निवर्तमान छात्रों की प्रतियोगिताओं में सक्रिय भागीदारी और उत्कृष्टता के उच्च मानक स्थापित करने में छात्रों के योगदान की सराहना की व अपने संबोधन को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि छात्रों को परीक्षा में सफलता, निरंतर प्रयास, कठिन परिश्रम व अनुशासन के माध्यम से ही प्राप्त होती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को परीक्षा में धैर्य, लगन व मेहनत के साथ सर्वोत्तम प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।उन्होने कहा कि ‘कभी हार न मानने’ के रुख ने आपको यहां तक पहुंचने में सक्षम बनाया। एकता, अखंडता और शांति को बढ़ावा देने के लिए अपनी ऊर्जा लगाएं, शुरुआत आपके भीतर से, आपके परिवार से, आपके समुदाय से और समग्र समाज से करे। स्कूल के चेयरमैन अनिरुद्ध मित्तल ने छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए आशीर्वाद दिया और अंत में धन्यवाद भाषण देते हुए स्कूल वाइस प्रिंसिपल अभिनव चौधरी ने कहा “ छात्र स्कूल की सबसे महत्वपूर्ण संपत्ति बन जाते हैं; उनके बिना, स्कूल और शिक्षक कुछ भी नहीं हैं। विद्यार्थियों के जीवन में केवल शिक्षक ही महान भूमिका नही निभाते अपितु शिक्षक के मूल्य और महत्व को बनाने में छात्र भी बहुत बड़ी भूमिका निभाते हैं। छात्र के कैरियर को आकार देने में दोनों की समान भागीदारी की आवश्यकता है। मैं इन सबके इतने वर्षों के अध्ययन और कर्म निष्ठा की प्रशंसा करता हूँ” वास्तव में यह विदाई समारोह पुरानी यादों खुशी और भविष्य के लिए आशा से भरा था।