Spread the love

विशाल कुमार

मुरादाबाद (परिपाटी न्यूज़) मुरादाबाद। छजलैट थाना क्षेत्र के कांठ रोड स्थित ग्राम लदावली के पास शनिवार सुबह घने कोहरे के चलते भीषण सड़क हादसा हो गया। मुरादाबाद डिपो की रोडवेज बस और गन्ने की खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में मां-बेटे समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, रोडवेज बस बिजनौर की ओर से मुरादाबाद आ रही थी। इसी दौरान लदावली गांव के पास पेट्रोल पंप के नजदीक सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से बस की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही छजलैट पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।

ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार मृतकों में अर्चना, उनका पांच वर्षीय बेटा सुशांत, लोकेंद्र और दीपिका चौहान शामिल हैं। हादसे में अर्चना के पति जॉनसन मसीह भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और हादसे की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

By PARIPATI NEWS

PARIPATI NEWS MEDIA GROUP

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *