Spread the love

ग्रामीणों ने पहले ही करा दिया था अनाउंसमेंट, बिना अनुमति मिट्टी उठाने पर लगाई थी रोक; फिर भी धड़ल्ले से जारी अवैध खनन, सड़कों पर मिट्टी फैलने से ग्रामीण परेशान, प्रशासन की कार्यशैली पर उठे सवाल!

गुरप्रीत सिंह

हरिद्वार (परिपाटी न्यूज) लक्सर के खानपुर विधानसभा क्षेत्र के चंदपुरी घाट पर अवैध खनन का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में बिना अनुमति के मिट्टी उठाने पर रोक लगाने के लिए बाकायदा अनाउंसमेंट भी कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद कथित मिट्टी माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि अवैध खनन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद खनन करने वाले लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। इतना ही नहीं, मिट्टी से भरे वाहनों के आवागमन के चलते सड़कों पर भी मिट्टी फैल जाती है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों की मानें तो चंदपुरी घाट पर लगातार हो रहे अवैध खनन को लेकर पहले ही साफ तौर पर चेतावनी जारी कर दी गई थी कि कोई भी व्यक्ति बिना अनुमति के मिट्टी नहीं उठाएगा। इसके बावजूद कथित तौर पर भू-माफियाओं द्वारा लगातार मिट्टी का उठान किया जा रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की नाक के नीचे यह पूरा खेल चल रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान देने को तैयार नजर नहीं आ रहे। सड़कों पर फैली मिट्टी और लगातार भारी वाहनों की आवाजाही से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ती जा रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर ग्रामीणों की शिकायतों और चेतावनियों के बावजूद प्रशासन कब जागेगा? क्या अवैध खनन करने वालों पर कोई ठोस कार्रवाई होगी या फिर चंदपुरी घाट पर इसी तरह अवैध खनन का खेल चलता रहेगा? आखिरी सवाल – ग्रामीणों ने तो पहले ही अनाउंसमेंट कराकर अपनी मंशा साफ कर दी थी, लेकिन अब सवाल प्रशासन से है कि आखिर कब तक कुंभकरण की नींद सोता रहेगा प्रशासन और कब अवैध खनन करने वालों पर शिकंजा कसेगा?

By PARIPATI NEWS

PARIPATI NEWS MEDIA GROUP

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *