अजमल अंसारी
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़) चांदपुर कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के पावन अवसर पर नारनौर गंगा घाट पर डॉ. मूलचंद सैनी एवं डॉ. सजला सैनी की ओर से तीसरे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाइयां वितरित कीं और बेहतर स्वास्थ्य के लिए परामर्श दिया।चांदपुर विधानसभा क्षेत्र-23 में चिकित्सा सेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी इस पहल को ग्रामीणों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। इससे पहले चांदपुर और बास्ता में दो निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए थे, जिनमें करीब 4500 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया था।

नारनौर में आयोजित शिविर इसी सेवा श्रृंखला का तीसरा पड़ाव रहा। शिविर में डॉ. मूलचंद सैनी ने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना उनका उद्देश्य है। वहीं डॉ. सजला सैनी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने के लिए ऐसे शिविर आगे भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।आयोजकों के अनुसार, शिविर में मरीजों को सामान्य जांच, दवाइयां और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श उपलब्ध कराया गया। शिविर में जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलने से ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की।फीना में लगेगा अगला शिविर डॉ. मूलचंद सैनी ने बताया कि स्वास्थ्य सेवा अभियान के तहत अगला निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर फीना में आयोजित किया जाएगा। शिविर की तिथि और समय की जानकारी बाद में दी जाएगी।
