अजमल अंसारी
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़) चांदपुर के फादरसन पब्लिक स्कूल में आईटी विभाग की ओर से कंप्यूटर एक्टिविटीज 2026-27 के अंतर्गत कक्षा 2 के विद्यार्थियों के लिए एमएस पेंट ड्रॉइंग कॉम्पिटीशन का आयोजन किया गया। यह पूरा कार्यक्रम ब्लॉक-बी की कंप्यूटर लैब में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में नन्हे विद्यार्थियों ने कंप्यूटर पर अपनी कल्पनाशक्ति को रंगों और आकृतियों के माध्यम से बखूबी प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के पहले चरण में सभी सेक्शनों के बच्चों ने भाग लिया, जिसमें दो विद्यार्थियों को एक कंप्यूटर साझा करना था। इसके बाद सभी सेक्शनों के लिए कक्षा स्तर पर फाइनल राउंड कराया गया। इसमें अपने-अपने सेक्शन में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने भाग लिया और प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान के लिए प्रतिस्पर्धा की। फाइनल राउंड में सभी प्रतिभागियों को अलग-अलग कंप्यूटर उपलब्ध कराया गया, किसी भी प्रतिभागी ने कंप्यूटर साझा नहीं किया। कड़े मुकाबले के बाद कक्षा 2-ए के मयंक गौतम पुत्र राज कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

कक्षा 2-बी के अरश सैफी पुत्र आरिफ अली ने द्वितीय स्थान हासिल किया। तृतीय स्थान पर कक्षा 2-सी की अफीफा अरफी पुत्री मो. आदिल और कक्षा 2-बी के अरबाब पुत्र श्री आफताब रहे।निर्णायक मंडल की भूमिका साक्षी चौहान, प्रियंका और सीमांत शर्मा ने निभाई। उन्होंने बच्चों की कलाकृतियों का बारीकी से मूल्यांकन कर परिणाम घोषित किए। इस सफल आयोजन के पीछे आई टी शिक्षक आशु का मार्गदर्शन रहा, जिनके निर्देशन में पूरी प्रतियोगिता सुचारु रूप से संपन्न हुई। साथ ही आई टी हेड कपिल ने भी बच्चों को निरंतर प्रोत्साहित किया, जिससे नन्हे प्रतिभागियों का आत्मविश्वास बढ़ा और उन्होंने उत्साह के साथ अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। विद्यालय परिवार ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई दी और भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों के आयोजन की बात कही।
