Spread the love

सतवेन्दर सिंह गुजराल

बिजनौर (परिपाटी न्यूज़) राजा का ताजपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग के एक अधिकारी पर किराना व्यापारीयों ने उत्पीड़न व अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की है। व्यापारियों ने अधिकारी के कथित अनैतिक कार्यों पर रोक लगाने एवं निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के व्यापारियों का कहना है कि राजा का ताजपुर ग्रामीण क्षेत्र होने के कारण यहां अधिकांश ग्राहक रोजमर्रा की जरूरतों का सामान छोटी-छोटी मात्रा में खरीदते हैं। ऐसे में छोटी किराना दुकानों से प्रत्येक खाद्य पदार्थ डिब्बाबंद अथवा पैकेट में उपलब्ध कराना संभव नहीं है। व्यापारियों के अनुसार अधिकांश दुकानदारों के पास खाद्य विभाग का लाइसेंस भी है, जिसका वे नियमानुसार नवीनीकरण कराते हैं और इसके लिए निर्धारित से अधिक शुल्क भी जमा करते हैं।

आरोप है कि वर्तमान खाद्य सुरक्षा अधिकारी दुकानदारों से अतिरिक्त धनराशि की मांग कर रहे हैं। मांग पूरी नहीं होने पर खाद्य पदार्थों के सैंपल भरने की धमकी दी जाती है। इससे छोटे दुकानदारों में भय और नाराजगी का माहौल है। व्यापारियों ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित अवैध वसूली और उत्पीड़न पर रोक लगाने तथा छोटे व्यापारियों को अनावश्यक परेशान न किए जाने की मांग की है। बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, सतेन्द्र आर्य, शहजाद मलिक, इंतजार अहमद,काके, राम अवतार चौहान,सुधिर त्यागी सहित सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे।

By Paripati News

परिपाटी न्यूज़ की डिजिटल डेस्क टीम निष्पक्ष, सटीक और ताज़ा खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, प्रशासन और समसामयिक मुद्दों की गहन रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *