Spread the love

मौ.अरबाज

सम्भल (परिपाटी न्यूज़) सम्भल यातायात माह नवंबर के तहत बुधवार को हिन्द इंटर कॉलेज सम्भल में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पुलिसकर्मियों ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी देकर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक एवं अपर पुलिस अधीक्षक के कुशल निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी यातायात के मार्गदर्शन में प्रभारी यातायात निरीक्षक दुष्यंत बालियान के नेतृत्व में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के दौरान मुख्य आरक्षी सोनू कुमार ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए। सड़क पार करते समय दोनों ओर देखकर सावधानी बरतनी चाहिए तथा यातायात संकेतों को समझकर उनका पालन करना चाहिए।

निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को विशेष रूप से समझाया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वाहन नहीं चलाना चाहिए। कम उम्र में वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे स्वयं और दूसरों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। पुलिसकर्मियों ने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नियमों का पालन करने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में सड़क सुरक्षा की समझ विकसित करना और सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा देना रहा।

By Paripati News

परिपाटी न्यूज़ की डिजिटल डेस्क टीम निष्पक्ष, सटीक और ताज़ा खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, प्रशासन और समसामयिक मुद्दों की गहन रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *