मुकुट यादव
सम्भल (परिपाटी न्यूज़) सम्भल थाना नखासा क्षेत्र की रिठाली पुलिस चौकी के अंतर्गत अवैध खनन का कारोबार कथित तौर पर धड़ल्ले से चल रहा है। खनन करने वालों के हौसले इतने बुलंद बताए जा रहे हैं कि दिन के उजाले में ही उपजाऊ कृषि भूमि से मिट्टी का खनन किया जा रहा है। इसके चलते धीरे-धीरे उपजाऊ जमीन को बंजर बनाने का काम हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से अब तक प्रभावी कार्रवाई होती दिखाई नहीं दे रही है। स्थानीय स्तर पर लगाए जा रहे आरोपों के मुताबिक, क्षेत्र में लगभग आधा दर्जन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से मिट्टी का अवैध खनन और परिवहन किया जा रहा है। खनन का यह कारोबार खुलेआम चलने से राजस्व विभाग को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। इसके बावजूद खनन करने वालों को न तो कार्रवाई का डर दिखाई दे रहा है और न ही किसी प्रकार की रोक-टोक की चिंता।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से मिट्टी का खनन आखिर किसके संरक्षण में किया जा रहा है। क्या स्थानीय स्तर पर जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी भनक नहीं है या फिर शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही है?कृषि भूमि से लगातार मिट्टी हटाए जाने से जमीन की उर्वरता प्रभावित होने के साथ किसानों के सामने भी भविष्य में परेशानी खड़ी हो सकती है। क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर मौके पर जांच कराने और अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में कब तक कार्रवाई करता है और उपजाऊ भूमि को बर्बाद होने से बचाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
