इमरान
सम्भल (परिपाटी न्यूज़) सम्भल की ऐतिहासिक 24 कोसीय तीर्थ परिक्रमा (फेरी) को पुनर्जीवित करने में हिंदू जागृति मंच की अहम भूमिका रही है। मंच के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा के अनुसार, वर्ष 1976 से 2005 तक करीब 30 वर्षों तक यह परंपरा लगभग विलुप्त हो गई थी। खेतों और मेड़ों से होकर गुजरने वाले मार्ग को लेकर फसल खराब होने के विवाद होते थे,जिसके चलते पदयात्रा बंद हो गई थी। वर्ष 2006 में हिंदू जागृति मंच ने गांव-गांव जनजागरण अभियान चलाकर महज 17 लोगों के साथ 24 कोसीय परिक्रमा दोबारा शुरू कराई। वर्ष 2013 तक इसमें श्रद्धालुओं की संख्या बढ़कर करीब 50 हजार पहुंच गई। मंच ने इस आयोजन को राजनीतिक दलों से दूर रखते हुए सभी दलों के जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया। संतों और गणमान्य लोगों के सहयोग से परिक्रमा को नई पहचान मिली।

मंच के सदस्य गांवों में जाकर मात्र 20 रुपये में श्रद्धालुओं का पंजीकरण करते थे। यात्रियों के लिए वाहनों, भोजन, जलपान और ठहरने की व्यवस्था की जाती थी। महाआरती के बाद परिक्रमा शुरू होती और पूरी होने पर यात्रियों को गांव वापस पहुंचाया जाता था। बाद में डीवीडी और सम्मान-पत्र देकर गांवों में श्रद्धालुओं का सम्मान भी किया जाता था।अजय कुमार शर्मा ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा आरोप लगाए जाने के बाद वर्ष 2013 में उन्होंने परिक्रमा की जिम्मेदारी से अलग होने का निर्णय लिया। मंच ने प्रशासन और सरकार से परिक्रमा मार्ग के विकास तथा संभल को पर्यटन स्थल बनाने की मांग भी उठाई। आज परिक्रमा मार्गों का विकास होने पर मंच के सदस्य इसे सम्भल के लिए गौरव की बात मान रहे हैं।
