अजमल अंसारी
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़) चांदपुर के फादरसन पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों के हिंदी भाषा संबंधी ज्ञान, व्याकरण की समझ एवं बौद्धिक क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हिंदी व्याकरण प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा पाँचवीं से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में चार टीमों ने भाग लिया। इन टीमों का नेतृत्व राखी राजपूत, शोभा सिंह, मानसी एवं कमलजीत ने किया। प्रत्येक टीम में पाँच प्रतिभागी शामिल रहे। प्रतियोगिता में हिंदी व्याकरण से संबंधित कुल 30 प्रश्न पूछे गए। प्रथम चरण में टीम ए, टीम बी एवं टीम सी ने समान अंक प्राप्त किए, जिसके परिणामस्वरूप इन तीनों टीमों के बीच फाइनल चरण आयोजित किया गया।

फाइनल चरण में टीम सी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम ए ने द्वितीय तथा टीम बी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में हिंदी विभागाध्यक्ष कल्पना मित्तल एवं जूनियर विंग की समन्वयक साक्षी चौहान शामिल रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को हिंदी व्याकरण के नियमों को रोचक ढंग से समझने तथा अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। विद्यालय का उद्देश्य इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि, आत्मविश्वास एवं ज्ञानवर्धन की भावना विकसित करना है।
