गुरप्रीत सिंह
हरिद्वार (परिपाटी न्यूज) लक्सर के खानपुर क्षेत्र सहित देशभर में दीपावली का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में तुगलपुर, खानपुर स्थित बी.के.जे.एम. पब्लिक स्कूल में भी दीपावली का त्योहार बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए सुंदर-सुंदर रंगोलियां बनाईं। पूरे विद्यालय में दीपावली की रौनक और उत्सव का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या सुमन गिरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनके माध्यम से भारतीय संस्कृति और दीपावली के महत्व को दर्शाया गया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या सुमन गिरी ने समस्त क्षेत्रवासियों, प्रदेशवासियों एवं देशवासियों को दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपावली खुशियों, उमंग और आपसी प्रेम का त्योहार है। इस पर्व का मुख्य उद्देश्य अंधकार को दूर कर जीवन में प्रकाश फैलाना है। हमें दीप जलाकर और आपसी भाईचारे के साथ इस पर्व को मनाना चाहिए।प्रधानाचार्या ने बच्चों को पटाखे जलाते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि छोटे पटाखे भी माता-पिता की देखरेख में ही जलाएं और पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए प्रदूषण कम से कम फैलाएं। उन्होंने सभी बच्चों से सुरक्षित एवं पर्यावरण के अनुकूल दीपावली मनाने की अपील की। विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम ने बच्चों के चेहरों पर खुशियां बिखेर दीं और सभी को प्रेम, सद्भाव तथा प्रकाश के इस पावन पर्व का संदेश दिया।
