मुकुट यादव
सम्भल ( परिपाटी न्यूज़) शहर के प्रमुख मार्गों,व्यस्त बाजारों और चौराहों पर आए दिन लगने वाले भीषण जाम की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। प्रमुख दैनिक समाचार पत्रों में लगातार प्रकाशित हो रही जाम की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए बुधवार को नगर मजिस्ट्रेट संभल, क्षेत्राधिकारी संभल और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने संयुक्त रूप से नगर का भ्रमण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों और चौराहों का जायजा लिया। इस दौरान विशेष रूप से ई-रिक्शा और ऑटो के कारण उत्पन्न हो रही जाम की समस्या पर ध्यान केंद्रित किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि नगर संभल में पहले से निर्धारित प्रतिबंधित क्षेत्र की व्यवस्था यथावत रखी गई है। निरीक्षण के दौरान इन प्रतिबंधित क्षेत्रों में कोई भी ई-रिक्शा संचालित होता नहीं पाया गया।इसके अलावा यशोदा चौराहा से शंकर चौराहा तक मार्ग के दोनों ओर बैरियर लगाकर ई-रिक्शाओं के आवागमन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। संयुक्त टीम ने सरकारी वाहनों से पूरे नगर और कस्बे के विभिन्न मार्गों का निरीक्षण भी किया।प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर को जाम की समस्या से मुक्त कराना,आम नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराना और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाना है।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबंधित क्षेत्रों में नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
