मोहम्मद इमरान
सम्भल ( परिपाटी न्यूज़) चंदौसी। भारत विकास परिषद की शाश्वत शाखा के तत्वावधान में लक्ष्मी देवी हर प्रसाद सरस्वती स्कूल में भव्य गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति श्रद्धा प्रकट करते हुए मेधावी विद्यार्थियों और उत्कृष्ट शिक्षण कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए शाखा अध्यक्ष सीए सचिन गुप्ता ने भारत विकास परिषद के उद्देश्यों और कार्यपद्धति की जानकारी दी। उन्होंने कहा संपर्क,सहयोग,संस्कार,सेवा और समर्पण के पांच सूत्रों के माध्यम से समाज में सामाजिक एवं सांस्कृतिक चेतना बढ़ाने का कार्य कर रही है। परिषद का उद्देश्य समाज को संगठित कर सेवा और संस्कारों के जरिए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना है।शाखा सचिव डॉ.दुर्गा टंडन ने कहा कि संस्कारवान विद्यार्थी ही सशक्त राष्ट्र के निर्माता होते हैं।

शिक्षा जब संस्कारों से जुड़ती है,तभी विद्यार्थी योग्य नागरिक बनते हैं। गुरुजनों का सम्मान और विद्यार्थियों की प्रतिभा का अभिनंदन हमारी सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का सार्थक प्रयास है।समारोह में प्रत्येक कक्षा से सर्वोत्तम प्रदर्शन करने वाले एक विद्यार्थी को मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं उत्कृष्ट शिक्षण कार्य करने वाले शिक्षकों को स्मृति-चिह्न और प्रशस्ति-पत्र भेंट किए गए। सम्मान पाकर विद्यार्थियों और शिक्षकों में उत्साह दिखाई दिया।इस अवसर पर दृगपाल सिंह, मुकेश गुप्ता,अजय कुमार,लक्ष्मी पाठक,अर्चना,लक्ष्मी,अंजलि सहित अन्य गणमान्य लोग,छात्र-छात्राएं और विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम का समापन गुरुजनों के प्रति आभार व्यक्त करने तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।
