शिव कुमार
सम्भल ( परिपाटी न्यूज़ )दीपावली एवं आगामी अन्य त्योहारों के दृष्टिगत जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशों के अनुपालन में आज उप जिलाधिकारी चन्दौसी आशुतोष तिवारी द्वारा तहसील चन्दौसी क्षेत्र के ग्राम मई, रामबाग रोड एवं कैथल रोड स्थित आतिशबाजी गोदामों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान फायर एवं पुलिस विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान आतिशबाजी गोदामों में सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं संबंधित नियमों के अनुपालन की स्थिति का परीक्षण किया गया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि दीपावली एवं अन्य त्योहारों के दृष्टिगत आतिशबाजी के भंडारण एवं बिक्री से जुड़े प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा सुरक्षा मानकों एवं निर्धारित नियमों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके और त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
