प्रिंस शर्मा
मुरादाबाद (परिपाटी न्यूज़) कांठ तहसील में एमएलसी शिक्षक विधायक चुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। तहसील कार्यालय कांठ के सभागार में बनाए गए क्षेत्र के एकमात्र मतदान केंद्र पर मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांठ तहसील क्षेत्र में कुल 974 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 689 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह कुल 69.07 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

कांठ थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह पुलिस बल के साथ मतदान केंद्र पर मौजूद रहे। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए बीएसएफ के जवानों की भी तैनाती की गई थी प्रशासन की ओर से मतदान केंद्र पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। चुनाव के दौरान विभिन्न प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की ओर से भी कैंप लगाए गए। इनमें पीसी इंटर कॉलेज, बिहार कला, बरेली से संबंधित कैंप के साथ सपा प्रत्याशी दानिश अली, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रत्याशी विमलेंद्र शर्मा ‘विमल’ और निर्दलीय उम्मीदवार कैप्टन डॉ. राजीव चौहान के कैंप शामिल रहे।कुल मिलाकर कांठ तहसील क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया और मतदान केंद्र पर किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
