मौ.अरबाज
सम्भल (परिपाटी न्यूज़) सम्भल मे 21 अक्टूबर 2026 को सम्भल-चंदौसी रोड स्थित एक परिसर में बुधवार को राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) का एकता सम्मेलन आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी जी ने सामाजिक एकता, भाईचारे और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। त्रिलोक त्यागी जी ने कहा कि रालोद महात्मा गांधी और चौधरी चरण सिंह जी के विचारों पर चलने वाली पार्टी है, जो सभी जातियों, धर्मों और वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि पार्टी किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे समाज के हितों की बात करती है। त्रिलोक त्यागी जी ने बताया कि रालोद वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए सभी 403 सीटों पर तैयारी कर रही है। मंडल स्तर के सम्मेलन पूरे हो चुके हैं और जिला स्तर पर कार्यक्रम जारी हैं। नवंबर के बाद विधानसभा स्तर पर सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने और रालोद की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की

अपील की। त्रिलोक त्यागी जी ने कहा कि रालोद का प्रभाव बागपत से बलिया तक है और चौधरी चरण सिंह जी के विचारों से जुड़े लोग हर गांव में मौजूद हैं। उन्होंने समाज में बैरभाव पैदा करने वाली राजनीति से बचने और सभी समुदायों को साथ लेकर चलने पर जोर दिया। उन्होंने लोगों से जाति, धर्म और आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर एक-दूसरे का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी के बहकावे में आकर भाईचारा खराब न करें और मिल-जुलकर अमन-शांति बनाए रखें।सम्भल विधानसभा सीट पर मुस्लिम प्रत्याशी उतारने के सवाल पर त्रिलोक त्यागी जी ने कहा कि यदि सीट रालोद के पास रहती है, तो मुस्लिम प्रत्याशी भी चुनाव लड़ सकता है। उन्होंने कहा कि पार्टी हिंदू-मुस्लिम के आधार पर भेदभाव नहीं करती और योग्य उम्मीदवार को अवसर दिया जाएगा। वोट चोरी के सवाल पर त्रिलोक त्यागी जी ने कहा कि इसे वोट चोरी नहीं, बल्कि ‘वोट का शुद्धिकरण’ कहा जाना चाहिए। उन्होंने मतदाता सूची और मतदान से जुड़े मुद्दों पर पार्टी का पक्ष रखा। सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ दिलनवाज़ खान, राष्ट्रीय सचिव परिबुद्ध कुमार, रोहिलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष चौधरी रामवीर सिंह, राष्ट्रीय महासचिव मेहंदी हसन, सम्भल जिलाध्यक्ष कैसर अब्बास, किसान प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष संजीत चौधरी, सम्भल नगर अध्यक्ष शारिक जीलानी, युवा जिला अध्यक्ष विमल चौधरी और छात्र नेता मोहम्मद समीर सहित अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
