एसपी तंवर
बिजनौर (परिपाटी न्यूज)। महिला सशक्तिकरण अभियान ‘उज्ज्वला’ से बना ऊर्जा-वान के अंतर्गत बिजनौर के इंदिरा भवन में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को संबोधित करते हुए प्रदेश के योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी उपस्थित जनसमूह को दिखाया गया। लाइव प्रसारण के माध्यम से सरकार की योजनाओं और उनके लाभों की विस्तृत जानकारी साझा की गई।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी बिजनौर जसजीत कौर तथा जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी साकेन्द्र प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वक्ताओं ने अपने संबोधन में बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा ₹1,500 करोड़ की धनराशि जारी कर 1.86 करोड़ उज्ज्वला परिवारों को होली के अवसर पर मुफ्त एलपीजी सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को रसोई के धुएं से मुक्ति दिलाकर उनके स्वास्थ्य की रक्षा की है। पहले जहां महिलाओं को लकड़ी और कोयले के धुएं में खाना बनाना पड़ता था, वहीं अब स्वच्छ ईंधन की सुविधा मिलने से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। इस योजना से न केवल महिलाओं का स्वास्थ्य बेहतर हुआ है, बल्कि समय की बचत और पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान मिला है।
कार्यक्रम में काफी संख्या में लाभार्थी महिलाएं उपस्थित रहीं। महिलाओं ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए इसे अपने जीवन में बड़ा बदलाव लाने वाला कदम बताया। आयोजन स्थल पर उत्साह का माहौल देखने को मिला।
समारोह के दौरान सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई तथा लाभार्थियों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।