Spread the love

मुकुट यादव‎‎

सम्भल ( परिपाटी न्यूज़) बबराला।सकल हिंदू समाज केशव बस्ती के तत्वावधान में योग पार्क,बबराला में बुधवार को भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ गायत्री शक्तिपीठ के साधक नरेंद्र राघव सहित अन्य आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पांच कुंडीय यज्ञ कराकर किया गया। यज्ञ में श्रद्धालुओं ने आहुति देकर समाज की एकता,शांति और समृद्धि की कामना की। सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ,विश्व हिंदू परिषद और भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित करना, सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करना और राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना रहा।मुख्य वक्ता सांकरा घाट आश्रम के महंत रविकांत महाराज ने समाज को जाति,पंथ और वर्ग की संकीर्णताओं से ऊपर उठकर एकजुट होने का आह्वान किया।

उन्होंने बांग्लादेश और पाकिस्तान में हिंदुओं की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज हिंदू समाज को आत्मनिर्भर,सशक्त और संगठित होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि कमजोर समाज का कोई साथ नहीं देता।आरएसएस मेरठ प्रांत के शारीरिक शिक्षण प्रमुख धर्मेंद्र धवल ने संघ की विचारधारा और कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संघ संस्कार, सेवा और समर्पण के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला रहा है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।राष्ट्र सेविका समिति की प्रांत बौद्धिक प्रमुख सुधा गौतम ने ‘पंच परिवर्तन’ की अवधारणा को समझाते हुए कहा कि सामाजिक बदलाव में मातृशक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने महिलाओं से सामाजिक और राष्ट्रीय कार्यों में नेतृत्व करने की अपील की।‎कार्यक्रम में विभाग प्रचार प्रमुख अरुण कांत,जिला प्रचारक दीपक,विहिप जिलाध्यक्ष अमित गुप्ता,भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह ‘रिंकू’,नगर चेयरमैन हर्षवर्धन वार्ष्णेय,भाजपा नेता दीपक यादव,भाजयुमो जिलाध्यक्ष शिखर गोयल सहित अनेक सामाजिक,धार्मिक व राजनीतिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

By विक्की जोशी

विक्की जोशी मंडल आई.टी. प्रभारी मुरादाबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *