Spread the love



डीएम ने दिलाई शपथ;बिना हेलमेट वालों को समझाया,बांटे हेलमेट।

अफजाल हुसैन

‎सम्भल ( परिपाटी न्यूज़) बहजोई। जनपद में सड़क हादसों पर लगाम लगाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति अनुशासन की भावना विकसित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह अभियान का आगाज़ जोरदार तरीके से किया गया। 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक चलने वाले इस अभियान के तहत गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ.राजेन्द्र पैंसिया ने कलक्ट्रेट परिसर से जागरूकता वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
‎इस दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित

अधिकारियों,कर्मचारियों,एनसीसी कैडेट्स सहित आमजन को सड़क सुरक्षा शपथ भी दिलाई।जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और अमूल्य मानव जीवन की रक्षा करना इस अभियान का मूल उद्देश्य है।उन्होंने नागरिकों से सुरक्षित गति से वाहन चलाने,हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की।इसके बाद डीएम स्वयं सड़क पर उतरे और कलक्ट्रेट के सामने नेशनल हाईवे पर यातायात नियमों के अनुपालन की चेकिंग की।चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट मिले दुपहिया वाहन चालकों को न केवल सख्त चेतावनी दी गई,बल्कि उन्हें हेलमेट पहनने के लिए जागरूक किया गया। जरूरतमंद लोगों को हेलमेट वितरण भी कराया गया ताकि लोग सुरक्षित होकर यात्रा करें। इस अवसर पर एआरटीओ अमिताभ चतुर्वेदी,क्षेत्राधिकारी बहजोई डॉ. प्रदीप कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी,कर्मचारी और एनसीसी कैडेट मौजूद रहे।प्रशासन ने साफ किया है कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

By विक्की जोशी

विक्की जोशी मंडल आई.टी. प्रभारी मुरादाबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *