Spread the love



‎छापेमारी के दौरान सात ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सीज,डम्पर से वसूला जुर्माना

‎मुकुट यादव

‎सम्भल ( परिपाटी न्यूज़) असमोली।में अवैध खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है।जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देशों पर मंगलवार सुबह विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया,जिससे खनन माफियाओं में अफरा-तफरी मच गई। अभियान के दौरान थाना असमोली क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध मिट्टी खनन का खुलासा हुआ। मढ़न पुलिस चौकी क्षेत्र में अवैध खनन करते हुए 6 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रंगे हाथों पकड़ा गया।

वहीं मंसूरपुर माफी पुलिस चौकी क्षेत्र से 1 और ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया गया। सभी वाहनों को मौके पर ही जब्त कर कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।इतना ही नहीं,अवैध रूप से उप खनिज का परिवहन कर रहे एक डम्पर को भी प्रशासन की टीम ने रोक लिया। नियमों के उल्लंघन पर डम्पर का तत्काल चालान कर जुर्माना मौके पर ही वसूल किया गया,जिससे अन्य वाहन चालकों में भी हड़कंप मच गया।पूरी कार्रवाई खनन निरीक्षक शिवम कुमार द्वारा जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी के निर्देशन में की गई।प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार यह अभियान पूरी तरह योजनाबद्ध था और आगे भी लगातार छापेमारी जारी रहेगी।जिला प्रशासन ने दो टूक शब्दों में कहा है कि अवैध खनन से पर्यावरण को हो रहे नुकसान और सरकारी राजस्व की चोरी किसी भी हाल में सहन नहीं की जाएगी। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी,चाहे वह कितना ही प्रभावशाली क्यों न हो।प्रशासन की इस सख्ती के बाद जनपद में अवैध खनन से जुड़े लोगों में खौफ का माहौल है,वहीं आम जनता ने इस कार्रवाई की सराहना की है।

By विक्की जोशी

विक्की जोशी मंडल आई.टी. प्रभारी मुरादाबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *