गंगा एक्सप्रेसवे पर चंदनपुर कोटा के पास हुआ हादसा,पंजाब से असम जा रहा था ट्रक
मुकुट यादव
सम्भल। (परिपाटी न्यूज़) गंगा एक्सप्रेसवे पर अचानक सामने आई नीलगाय को बचाने के प्रयास में 16 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।हादसे में ट्रक चालक और उसका सहायक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को संभल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार, पंजाब से असम की ओर जा रहा 16 चक्का ट्रक बुधवार को गंगा एक्सप्रेसवे से गुजर रहा था। जैसे ही ट्रक चंदनपुर कोटा के पास पहुंचा,तभी अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई। सामने पशु देखकर चालक ने उसे बचाने के लिए ट्रक को मोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान वाहन से उसका नियंत्रण हट गया और तेज रफ्तार ट्रक सड़क पर पलट गया। हादसे में अनूप आयु 38 बर्ष पुत्र जतत्तारसिह निवासी मकखू थाना खास जनपद फिरोजपुर,व चालक कुलवंत सिंह आयु 55 बर्ष पुत्र जरनैल निवासी मखू थाना हयातपुर पंजाब दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।

दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस कर्मियों ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया,जहां उनका उपचार जारी है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। इस घटना ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर आवारा पशुओं की आवाजाही से वाहन चालकों के सामने पैदा हो रहे खतरे को उजागर कर दिया।
