शुभम चौधरी
हरिद्वार।( परिपाटी न्यूज) बहादराबाद। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे वन विभाग के कर्मचारी के साथ गाली-गलौज और अभद्रता किए जाने का मामला सामने आया है। मामला दौलतपुर गांव के पास गंगनहर पटरी का है। यहां खनन सामग्री से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने पर विवाद हो गया। वन बीट अधिकारी ने बहादराबाद थाने में लिखित तहरीर देकर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12:50 बजे धनौरी बीट में तैनात वन बीट अधिकारी गंगनहर पटरी पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान दौलतपुर गांव के मुख्य मार्ग के पास उन्हें उपखनिज सामग्री से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई दी। वन बीट अधिकारी ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर चालक से पूछताछ करने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान चालक और उसके साथ मौजूद लोगों ने वनकर्मी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इतना ही नहीं, सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए उन्हें डराने-धमकाने का भी प्रयास किया गया। वन बीट अधिकारी के मुताबिक, घटना की सूचना तत्काल पुलिस की आपातकालीन सेवा 112 को दी गई। इसके बाद रेंज स्टाफ और पुलिस को मौके पर बुलाया गया।

वन विभाग की टीम ने संबंधित ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर वन विभाग की चौकी में खड़ा करा दिया।मामले में वन बीट अधिकारी ने बहादराबाद थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर घटना की जांच कराने और सरकारी कर्मचारी के साथ अभद्रता, गाली-गलौज तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। अब पुलिस जांच पर टिकी निगाहें अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए तैनात सरकारी कर्मचारियों के साथ इस तरह की घटनाएं प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान आने वाली चुनौतियों को सामने लाती हैं। फिलहाल शिकायत के आधार पर मामले को पुलिस के संज्ञान में लाया गया है। अब देखना होगा कि जांच के बाद पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।
