उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की मूड़ा गालिब शाखा के खिलाफ परिवार का धरना, बैंक प्रबंधक पर मुकदमा दर्ज कराने की मांग
हरिओम सिंह
लखीमपुर खीरी (परिपाटी न्यूज) मोहम्मदी के रामलीला मैदान में बुधवार से एक परिवार ने उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की मूड़ा गालिब शाखा के खिलाफ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। परिवार के सदस्यों ने बैंक प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए संबंधित बैंक प्रबंधक पर मुकदमा दर्ज कराने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है। धरना स्थल पर लगाए गए बैनर के माध्यम से बैंक प्रबंधक गौरव गुप्ता पर भ्रष्टाचार, दबंगई और अभद्र भाषा का प्रयोग करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। प्रदर्शनकारी परिवार का कहना है कि इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसी से आहत होकर परिवार को भूख हड़ताल का कदम उठाना पड़ा। रामलीला मैदान में धरने पर एक महिला, युवतियां, एक किशोर और एक पुरुष बैठे दिखाई दिए।

सभी लोग पेड़ के नीचे चबूतरे पर दरी बिछाकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। परिवार की प्रमुख मांग है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया जाए। धरछना दे रहे लोगों ने मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है। वहीं, मामले में अभी तक बैंक प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। बैंक प्रबंधक एवं संबंधित अधिकारियों का पक्ष प्राप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। उनका बयान मिलने पर समाचार में प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा। फिलहाल रामलीला मैदान में भूख हड़ताल जारी है। स्थानीय लोग भी धरना स्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ले रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कब संज्ञान लेता है और प्रदर्शनकारी परिवार की शिकायत पर क्या कार्रवाई की जाती है।
