पेयजल,बिजली,शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा,संबंधित अधिकारियों को समय से व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश
मुकुट यादव
सम्भल ( परिपाटी न्यूज़) आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने सम्भल के विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं के साथ निर्वाचन संबंधी तैयारियों को भी परखा निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने आचार्य मुक्तेश हकीम रईस सरदार इंटर कॉलेज, निगार पब्लिक स्कूल तथा सेंट मेरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल सम्भल स्थित मतदान केंद्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने पेयजल, विद्युत व्यवस्था, शौचालय, साफ-सफाई और मतदाताओं के आवागमन से जुड़ी सुविधाओं को देखा।

इसके अलावा मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति का भी जायजा लिया।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराई जाएं। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए जरूरी तैयारियां समय से पूरी करने पर जोर दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां जारी रहेंगी।
