अजमल अंसारी
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़)चांदपुर अपराध की रोकथाम और अपराधियों के सत्यापन के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चांदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और तेज तर्रार थाना प्रभारी चांदपुर सुधीर पवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 19 नवंबर 2026 को फायरिंग व दहशत फैलाने के मामले में वांछित चल रहे दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान एक अभियुक्त के पास से घटना में प्रयुक्त तमंचा और खोखा कारतूस भी बरामद किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला 1 मई 2026 को ग्राम मेहदूद नशो, थाना चांदपुर, का है ।

उपनिरीक्षक सागर चौधरी की तहरीर पर दर्ज किया गया था। आरोप था कि कासिम, नवेद, मुशीर, नदीम, नसीम, फैजान, अलताब, अमन, इकरार, नावेद तथा अन्य अज्ञात लोगों ने आपस में जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। साथ ही मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देकर आमजन के जीवन को संकट में डाला और क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा किया। इस संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 715/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं—109(1), 190, 191(2), 191(3), 115(2), 352, 351(3) व 125(a) तथा 7 सीएलए एक्ट के अंतर्गत केस पंजीकृत किया गया था। पुलिस के मुताबिक, 19 नवंबर को चांदपुर से नहटौर जाने वाले मार्ग पर ग्राम मसीत चौराहा से वांछित अभियुक्त कासिम पुत्र नसीम और नवेद पुत्र नसीम (दोनों निवासी ग्राम मेहदूदनशो, थाना चांदपुर, जनपद बिजनौर) को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त कासिम के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक 315 बोर का तमंचा तथा नाल में फंसा एक 315 बोर का खोखा कारतूस बरामद हुआ है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में व0उ0नि0 पुष्पेन्द्र राठी, का0 सचिन कुन्डु, का0 सागर कुमार और का0 प्रिन्स संसरवाल शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि प्रकरण में शामिल अन्य वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं।
