मोहम्मद इमरान
सम्भल ( परिपाटी न्यूज़) महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा,सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए जनपद में मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत पुलिस की ओर से जागरूकता अभियान चलाया गया। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति केंद्रों पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों और एंटी रोमियो टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा संबंधी उपायों की जानकारी दी अभियान के तहत महिला पुलिसकर्मियों ने थाना क्षेत्रों में चौपाल लगाकर बालिकाओं और महिलाओं से संवाद किया। इस दौरान उनकी समस्याएं सुनी गईं और संबंधित शिकायतों के निस्तारण के लिए जागरूक किया गया। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने की अपील की।

वहीं एंटी रोमियो टीमों ने प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूल-कॉलेजों, धार्मिक स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर जागरूकता अभियान चलाया। महिला पुलिसकर्मियों ने पंपलेट वितरित कर शासन की महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी।इस दौरान वीमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला हेल्पलाइन 181, स्वास्थ्य सेवा 102, एंबुलेंस सेवा 108 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से बताया गया। पुलिस ने महिलाओं को मोबाइल पैनिक बटन के इस्तेमाल की जानकारी भी दी। अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना है।
