Spread the love

‎
‎

मुकुट यादव
‎
‎सम्भल ( परिपाटी न्यूज़) सम्भल में प्राचीन धार्मिक परंपरा 24 कोसीय परिक्रमा शुक्रवार तड़के 4:30 बजे विधि-विधान के साथ शुरू हो गई। श्रीवंशगोपाल तीर्थ मंदिर में पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन के बाद श्रद्धालुओं ने परिक्रमा का शुभारंभ किया। 68 तीर्थों और 19 कूपों से होकर गुजरने वाली इस दो दिवसीय वार्षिक यात्रा में करीब पांच लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई गई है।वहीं संतों ने श्रद्धालुओं की संख्या 10 लाख के पार पहुंचने का अनुमान लगाया है। परिक्रमा से पहले श्रद्धालुओं ने श्रीवंशगोपाल तीर्थ कुंड में स्नान किया और करीब 5200 वर्ष पुराने बताए जाने वाले कदम के पेड़ की परिक्रमा की। इसके बाद भगवान श्रीकल्कि के जयकारों के साथ यात्रा शुरू हुई। महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे नंगे पैर परिक्रमा करते नजर आए। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़ते रहे।पहले दिन करीब 35 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर श्रद्धालु भोलेश्वर महादेव मंदिर और क्षेमनाथ मंदिर होते हुए चंद्रेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेंगे। पूरी परिक्रमा का मार्ग करीब 52 किलोमीटर लंबा है।

अमरोहा के हसनपुर सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं।अखिल भारतीय जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर यतींद्रानंद गिरि महाराज ने कहा कि सरकार के प्रयासों से लुप्तप्राय परिक्रमा परंपरा को फिर से गति मिली है। उन्होंने श्रद्धालुओं की संख्या 10 लाख से अधिक होने की संभावना जताई।श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आरआरएफ-पीएसी की एक कंपनी,आठ थानों का पुलिस बल और पांच जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। करीब 400 पुलिसकर्मी ड्यूटी पर लगाए गए हैं। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से पूरे मार्ग की निगरानी की जा रही है।इधर,प्रदेश सरकार की ओर से सम्भल के 68 तीर्थों और 19 कूपों के जीर्णोद्धार का कार्य कराया जा रहा है। 24 कोसी परिक्रमा मार्ग के विकास के लिए करीब 350 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। प्रशासन के अनुसार जमीन खरीदने का करीब 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। 24 नवंबर 2024 की हिंसा के बाद यह दूसरी वार्षिक परिक्रमा है।

By Paripati News

परिपाटी न्यूज़ की डिजिटल डेस्क टीम निष्पक्ष, सटीक और ताज़ा खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, प्रशासन और समसामयिक मुद्दों की गहन रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *