रिपोर्ट – राजवीर सिंह तोमर
हरिद्वार (परिपाटी न्यूज़) श्री रामानंद श्री वैष्णव मंडल के अध्यक्ष पद के लिए हरिद्वार स्थित श्री रामानंद आश्रम में चुनाव संपन्न हुआ। चुनाव में स्वामी बाबा हठयोगी जी महाराज ने अपने प्रतिद्वंद्वी स्वामी दुर्गादास जी महाराज को पराजित करते हुए लगातार तीसरी बार अध्यक्ष पद पर विजय प्राप्त की।

चुनाव प्रक्रिया के दौरान अध्यक्ष पद के लिए दो प्रत्याशी मैदान में थे। मतदान संपन्न होने के बाद मतगणना की गई, जिसमें स्वामी दुर्गादास जी महाराज को 5 मत प्राप्त हुए, जबकि स्वामी बाबा हठयोगी जी महाराज को 30 मत मिले। इस प्रकार बाबा हठयोगी जी महाराज ने भारी बहुमत से जीत दर्ज की।

विजय की घोषणा के बाद मंडल के संतों एवं सदस्यों ने बाबा हठयोगी जी महाराज को माला पहनाकर तथा शॉल ओढ़ाकर उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया। अध्यक्ष चुने जाने पर बाबा हठयोगी जी महाराज ने सभी संतों, महंतों एवं मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि संगठन की परंपरा को शुद्ध एवं सुदृढ़ रूप से आगे बढ़ाने के लिए एक सुव्यवस्थित व्यवस्था बनाई गई है, जिसके माध्यम से सभी संत मिलकर परंपरा का संरक्षण और संवर्धन करते हैं। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य संत समाज के हितों की रक्षा करना तथा उनके सुख-दुख में सदैव साथ खड़ा रहना है। यही संगठन की वास्तविक शक्ति और मजबूती है।

लगातार तीसरी बार अध्यक्ष चुने जाने पर संत समाज एवं उनके समर्थकों में हर्ष का माहौल है। परिपाटी न्यूज़ परिवार की ओर से भी बाबा हठयोगी जी महाराज को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई।
