Spread the love

अजमल अंसारी

बिजनौर (परिपाटी न्यूज़)चांदपुर रेंज के ग्राम तालमपुर में पिछले कई दिनों से गुलदार की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल था। मानव–गुलदार आमना–सामना होने की लगातार मिल रही सूचनाओं पर वन विभाग की टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मिले पगमार्ग और अन्य साक्ष्यों के आधार पर गुलदार की मौजूदगी की पुष्टि की गई।


आबादी क्षेत्र से सटे इलाके में गुलदार की गतिविधियां बढ़ने से मानव–वन्यजीव संघर्ष की आशंका को देखते हुए वन विभाग ने उच्चाधिकारियों से अनुमति लेकर पिंजरा लगाने की कार्रवाई शुरू की। साथ ही टीम लगातार गुलदार की निगरानी करती रही।
वन विभाग को बुधवार देर रात करीब 11 बजे बड़ी सफलता मिली, जब पिंजरे की सहायता से गुलदार को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। विभाग के अनुसार पकड़ा गया गुलदार फीमेल है और उसकी आयु लगभग पांच से छह वर्ष आंकी गई है। प्रथम दृष्टया वह पूरी तरह स्वस्थ दिखाई दे रहा है।


रेस्क्यू के बाद गुलदार को विभागीय अभिरक्षा में क्षेत्रीय वनाधिकारी कार्यालय चांदपुर में रखा गया है, जहां उसका स्वास्थ्य परीक्षण और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
वन विभाग ने बताया कि पूरे अभियान में एनटीसीए और नेशनल जू अथॉरिटी के दिशा–निर्देशों का पालन किया गया। विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी वन्यजीव को घेरने या उकसाने का प्रयास न करें तथा ऐसी सूचना तुरंत वन विभाग को दें।
रेस्क्यू अभियान क्षेत्रीय वनाधिकारी दुष्यंत सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इसमें वन दरोगा रॉबिन कुमार, वन रक्षक गौरव कुमार , अनीस , सोनू , बाबूराम समेत सात वन कर्मी शामिल रहे।

By चौ0 अमरीक सिंह

प्रदेश प्रभारी उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *