देवेश्वर धीमान
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़) जिलाधिकारी जसजीत कौर ने आज अपने कार्यालय कक्ष में 46वीं राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स चैम्पियनशिप–2026 में स्वर्ण पदक जीतकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले पूर्व सैनिक हवलदार तरुण कुमार को सम्मानित किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उन्हें शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि तरुण कुमार की यह उपलब्धि अनुशासन, कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास का परिणाम है, जो युवाओं एवं खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। जिलाधिकारी ने कहा कि खेल के क्षेत्र में इस प्रकार की उपलब्धियाँ न केवल व्यक्ति विशेष का गौरव बढ़ाती हैं, बल्कि पूरे जिले की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करती हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि तरुण कुमार आगे भी इसी लगन और समर्पण के साथ देश का नाम रोशन करते रहेंगे। इस

अवसर पर जिला अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि बिजनौर जनपद के पूर्व सैनिक हवलदार तरुण कुमार ने मास्टर्स एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा तिरुवनंतपुरम (त्रिवेन्द्रम) में आयोजित 46वीं राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स चैम्पियनशिप–2026 में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पुरुष वर्ग के 40+ आयु वर्ग में 110 मीटर हर्डल्स स्पर्धा में 17.14 सेकंड का उत्कृष्ट समय निकालते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के साथ ही हवलदार तरुण कुमार का चयन आगामी अगस्त 2026 में दक्षिण कोरिया में आयोजित होने वाली वर्ल्ड मास्टर्स एथलेटिक्स चैम्पियनशिप–2026 के लिए हो गया है, जहाँ वे भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके चयन से जिले में खेल प्रेमियों और पूर्व सैनिकों में विशेष उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तरुण कुमार को उनकी सफलता के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।