Spread the love

अजमल अंसारी

 बिजनौर (परी पाटी न्यूज़) चांदपुर क्षेत्र में बीते कई दिनों से दहशत का कारण बना गुलदार आखिरकार वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया। यह गुलदार चांदपुर क्षेत्र के बवनपुरा गांव के जंगल में पकड़ा गया। गुलदार के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कई दिनों से क्षेत्र में गुलदार की मौजूदगी की सूचना मिल रही थी। खेतों और जंगल के आसपास गुलदार को देखे जाने की घटनाओं से गांव में भय का माहौल बना हुआ था। लोग शाम ढलते ही घरों में कैद हो जा रहे थे और बच्चों को बाहर निकलने से रोका जा रहा था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद वन विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दो दिन पहले बवनपुरा गांव

के जंगल में पिंजरा लगाया था। मंगलवार को जब कुछ ग्रामीण जंगल की ओर गए तो उन्होंने पिंजरे में गुलदार को फंसा देखा। गुलदार को देखते ही ग्रामीण डर गए और इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही चांदपुर रेंज की टीम मौके पर पहुंची और गुलदार को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर चांदपुर रेंज कार्यालय ले जाया गया। चांदपुर रेंज के रेंजर दुष्यंत सिंह ने गुलदार के पकड़े जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि पिंजरे में कैद गुलदार करीब तीन वर्ष का नर है। उन्होंने बताया कि पहले गुलदार का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद उच्च अधिकारियों के निर्देश पर उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा। गुलदार के पकड़े जाने से बवनपुरा सहित आसपास के गांवों के लोगों ने राहत महसूस की है और वन विभाग की कार्रवाई की सराहना की है।

By विक्की जोशी

विक्की जोशी मंडल आई.टी. प्रभारी मुरादाबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *