देवेश्वर धीमान
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़) जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जनसामान्य की समस्याओं का निस्तारण एक ही स्थान पर, संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में, प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी कारणवश मौके पर निस्तारण संभव न हो तो शिकायतों का पूर्ण गुणवत्ता के साथ एक सप्ताह के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी सोमवार को तहसील नजीबाबाद के नव-निर्मित कवि दुष्यंत कुमार सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता कर रही थीं। उन्होंने जनसामान्य की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित व प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी वर्तमान एवं लंबित शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा में, गुणवत्ता के मानकों के अनुरूप किया जाए तथा निस्तारण आख्या के साथ शिकायतकर्ता की संतुष्टि भी अनिवार्य रूप से संलग्न की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचे और कोई भी नागरिक योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि किसी शिकायत का निस्तारण किसी कारणवश संभव नहीं हो पाता है, तो उसका स्पष्ट कारण लिखित रूप में शिकायतकर्ता को अवगत कराया जाए, ताकि अनावश्यक पुनः शिकायत की स्थिति न बने। इस अवसर पर कुल 23 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 02 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के गुणवत्तापरक एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, उप जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।