एसपी तंवर
बिजनौर (परिपाटी न्यूज), नहटौर। श्री रघुनाथा स्पोर्ट्स ट्रस्ट द्वारा वी के इंटरनेशनल स्कूल नहटौर में एक रोमांचक क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निशांत एकादश ने निर्धारित 35 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 241 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से दिव्यांश कुमार ने शानदार 51 रन बनाए, जबकि तन्मय राठी ने 40 और देव चौधरी ने 33 रन का योगदान दिया। इसके अलावा निशांत कुमार ने 12, रुद्र प्रताप व ध्रुव सत्य ने 10-10 रन जोड़े। गेंदबाजी में देव एकादश की ओर से देव सीमार और आर्यन राजपूत को दो-दो विकेट मिले, जबकि भव्य त्यागी, दिव्य चौधरी और आयुष डोडवाल को एक-एक सफलता मिली।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी देव एकादश 35 ओवर में 192 रन पर सिमट गई और 49 रन से मैच हार गई। देव एकादश की ओर से आदि सीमार ने 40 रन, नैतिक राजपूत ने 30 रन, पुनीत कुमार ने 13 रन तथा देव सीमार व आर्यन राजपूत ने 10-10 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में निशांत एकादश की ओर से देव चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि वरुण सिंह और निशांत कुमार को दो-दो विकेट मिले। इसके अलावा दिव्यांश, मन्नान, निशांत सिंह और हार्दिक को एक-एक विकेट प्राप्त हुआ। उत्कृष्ट ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए देव चौधरी को प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।