Spread the love

काम भी चले, जनता भी बचे—वित्तमंत्री ने दिए संतुलित कार्ययोजना के निर्देश

हरिओम सिहँ

शाहजहाँपुर (परिपाटी न्यूज) रोजा क्षेत्र में हुए दर्दनाक रेल हादसे के बाद प्रशासनिक हलचल तेज है। रविवार को घटनास्थल पर उच्चस्तरीय निरीक्षण के दौरान वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने रेलवे अधिकारियों से कड़े सवाल किए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में पूछा कि आगे काम किस तरह किया जाएगा और उसकी ठोस कार्ययोजना क्या है। हालांकि इस अहम प्रश्न पर मौजूद रेलवे अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। निरीक्षण के दौरान सांसद अरुण कुमार सागर और डीआरएम भी मौके पर मौजूद रहे। वित्तमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्ययोजना ऐसी हो, जिससे न तो रेलवे का कामकाज बाधित हो और न ही स्थानीय जनता को किसी प्रकार की परेशानी उठानी पड़े। उन्होंने दो टूक कहा कि सुरक्षा सर्वोपरि है, लेकिन इसके नाम पर जनसुविधाओं की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।


गौरतलब है कि 24 दिसंबर को रोजा में रेलवे ट्रैक पर बने एक अवैध कट से होकर गुजर रहे रास्ते पर बाइक सवार पांच लोग ट्रेन की चपेट में आ गए थे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद रेलवे प्रशासन ने अवैध रास्तों को बंद करने की कार्रवाई शुरू की, जिसको लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध भी सामने आया। रविवार के निरीक्षण में वित्तमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस त्रासदी से सबक लेते हुए स्थायी और व्यावहारिक समाधान निकाला जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जल्दबाजी या आधी-अधूरी तैयारी से नहीं, बल्कि संतुलित, दूरगामी और जनहितकारी योजना से ही भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।

By विक्की जोशी

विक्की जोशी मंडल आई.टी. प्रभारी मुरादाबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *