
विक्की जोशी
बिजनौर (परिपाटी न्यूज) आगामी गंगा स्नान मेले को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच रही हैं। श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। मेले क्षेत्र में जहां एक ओर तंबू, शौचालय और लाइटों की व्यवस्था तेजी से पूरी की जा रही है, वहीं दूसरी ओर घाटों की सफाई और समतलीकरण का कार्य ट्रैक्टरों की मदद से युद्धस्तर पर चल रहा है। गंगा तट पर कई स्थानों पर ट्रैक्टरों के माध्यम से मिट्टी भराई, रास्तों की मरम्मत और जल निकासी के प्रबंध किए जा रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो।

प्रशासन द्वारा मीडिया को जानकारी प्राप्त कराई जा रही है। प्रशासन का विशेष ध्यान इस बात पर है कि स्नान करने आने वाले यात्रियों को फिसलन या कीचड़ जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े। जिला पंचायत अधिकारी स्वयं पूरे मेले क्षेत्र में लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। उनके साथ संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहते हैं, ताकि हर छोटी-बड़ी व्यवस्था का समय रहते समाधान किया जा सके। गंगा स्नान मेले में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलग-अलग विभागों को जिम्मेदारी सौंपी है। साथ ही, आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा ।