गुरप्रीत सिंह
हरिद्वार (परिपाटी न्यूज) खबर लक्सर से है, जहां तहसीलदार और अधिवक्ताओं के बीच चल रहा विवाद आखिरकार समाप्त हो गया है। एसडीएम लक्सर की पहल पर दोनों पक्षों के बीच हुई महत्वपूर्ण बैठक में आपसी सहमति से समझौता करा दिया गया। कई दिनों से चल रहे इस विवाद के चलते अधिवक्ताओं ने कार्य बहिष्कार कर अपना विरोध दर्ज कराया था। लेकिन अब समझौते के बाद तहसील में कामकाज सामान्य होने और सौहार्दपूर्ण माहौल लौटने की उम्मीद जगी है। आपको बता दें कि लक्सर तहसील में तहसीलदार के व्यवहार से नाराज अधिवक्ताओं के तीनों संगठनों ने पूर्व में ज्ञापन सौंपकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। अधिवक्ताओं ने तहसीलदार के व्यवहार पर आपत्ति जताते हुए पूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया था, जिसके चलते तहसील में कामकाज प्रभावित हो रहा था।

वहीं मामले को गंभीरता से लेते हुए आज एसडीएम लक्सर कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीएम की मौजूदगी में तहसीलदार और अधिवक्ताओं के प्रतिनिधियों के बीच आमने-सामने बातचीत कराई गई। बैठक के दौरा न दोनों पक्षों की बातों को सुना गया और आपसी नाराजगी दूर करने का प्रयास किया गया। आखिरकार एसडीएम की पहल रंग लाई और दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हो गया। इस समझौते के बाद लक्सर तहसील में अधिवक्ताओं और तहसील प्रशासन के बीच चल रहा विवाद समाप्त हो गया है। अब उम्मीद जताई जा रही है कि तहसील में एक बार फिर पहले की तरह सौहार्दपूर्ण माहौल में कामकाज शुरू होगा और आम जनता को भी राहत मिलेगी।
