Spread the love

गुरप्रीत सिंह

हरिद्वार (परिपाटी न्यूज) लक्सर तहसील क्षेत्र के कुआखेड़ा बाईपास मार्ग पर इन दिनों सड़क की चौड़ाई को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है। करीब पांच साल पहले बनाए गए इस मार्ग का समय के साथ चौड़ीकरण होना प्रस्तावित था, लेकिन आज तक सड़क का चौड़ीकरण नहीं हो पाया। नतीजा यह है कि जिस मार्ग पर कभी सीमित वाहनों का आवागमन होता था, आज उसी सड़क से बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजर रहे हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों को हर समय किसी बड़े सड़क हादसे का डर सता रहा है। दरअसल, बताया जा रहा है कि लोक निर्माण विभाग यानी पीडब्ल्यूडी की ओर से इस मार्ग के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भी तैयार किया गया था। लेकिन कुछ किसानों द्वारा सड़क चौड़ीकरण के लिए अपनी जमीन देने से इनकार किए जाने के चलते यह योजना आगे नहीं बढ़ सकी। उस समय स्थानीय विधायक और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की पहल पर मौके पर जितनी सड़क उपलब्ध थी, उसी के अनुसार पक्के मार्ग का निर्माण करा दिया गया। लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। महादेवपुर रेलवे फाटक पर जाम की समस्या के चलते बड़ी संख्या में भारी वाहन भी कुआखेड़ा बाईपास मार्ग का इस्तेमाल कर रहे हैं।

सड़क की सीमित चौड़ाई और वाहनों के लगातार बढ़ते दबाव के कारण यहां दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब इस मार्ग पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, तो फिर सड़क के चौड़ीकरण को लेकर जिम्मेदार विभाग और जनप्रतिनिधि क्या कदम उठा रहे हैं? क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है, या फिर समय रहते इस मार्ग की चौड़ाई बढ़ाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए कोई ठोस योजना तैयार की जाएगी? आखिरकार सवाल यही है कि आम जनता की सुरक्षा सबसे पहले है, तो फिर कुआखेड़ा बाईपास की इस समस्या का समाधान कब होगा?

By Paripati News

परिपाटी न्यूज़ की डिजिटल डेस्क टीम निष्पक्ष, सटीक और ताज़ा खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, प्रशासन और समसामयिक मुद्दों की गहन रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *