Spread the love

दबथरा हरकिशन गांव में दो घंटे तक चलता रहा मान-मनौव्वल,पुलिस और सीओ मौके पर

मोहम्मद इमरान

सम्भल (परिपाटी न्यूज़) रजपुरा। प्रेमिका की शादी से नाराज एक युवक बुधवार सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ गया। हाथ में पेट्रोल की बोतल लेकर युवक ने खुद को आग लगाने और टावर से कूदने की धमकी दी। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मामला गुन्नौर तहसील के जुनावई थाना क्षेत्र के गांव दबथरा हरकिशन का है। गांव निवासी 25 वर्षीय मुकेश पुत्र दामोदर दास प्रेमिका की शादी से नाराज होकर बुधवार सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ गया। बताया गया कि युवक के हाथ में पेट्रोल की बोतल थी। टावर पर चढ़कर वह आग लगाने और नीचे कूदने की धमकी देने लगा।युवक को टावर पर चढ़ा देखकर ग्रामीणों और परिजनों ने उसे समझाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे तक मान-मनौव्वल चलती रही,लेकिन युवक नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ।

इसके बाद सुबह करीब नौ बजे पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीओ अंकित मिश्रा भी घटनास्थल पर पहुंचे और युवक से बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास करने लगे। पुलिस और परिजन लगातार युवक को समझाने में जुटे रहे। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।मुकेश के बड़े भाई का नाम सुरेंद्र, छोटे भाई का नाम मनोज और मां का नाम प्रेमवती बताया गया है।थाना प्रभारी धीरज कुमार सिंह ने बताया कि युवक के मोबाइल टावर पर चढ़ने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर मौजूद है और परिजनों के माध्यम से युवक को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया जा रहा है।

By Paripati News

परिपाटी न्यूज़ की डिजिटल डेस्क टीम निष्पक्ष, सटीक और ताज़ा खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, प्रशासन और समसामयिक मुद्दों की गहन रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *