सात लोग घायल,चार जिला अस्पताल रेफर;दोनों पक्षों के आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
गौतम सागर
सम्भल।(परिपाटी न्यूज़) ऐचौड़ा कम्बोह थाना क्षेत्र के गांव मिलक गोजनी में रास्ते में दरवाजा लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया और दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले। संघर्ष में दोनों पक्षों के सात लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों का मेडिकल कराया और दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार,गांव निवासी अयूब मंगलवार सुबह करीब छह बजे नमाज पढ़कर घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में पुराने विवाद को लेकर गांव के ही कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। इसकी जानकारी मिलने पर अयूब के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले।

मारपीट में अयूब पक्ष से नबी हसन (32),दाऊद पुत्र अयूब समेत चार लोग घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से लतीफ (45), सयमा (25) और लतीफ की करीब 17 वर्षीय पुत्री सहित तीन लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग घायलों को लेकर थाने पहुंचे।पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी असमोली में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों को घर भेज दिया गया, जबकि चार घायलों की हालत देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल सम्भल रेफर किया गया। नबी हसन और दाऊद का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि दूसरे पक्ष के घायल निजी अस्पताल में भर्ती बताए गए हैं।थाना प्रभारी कमलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मामूली कहासुनी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। दोनों पक्षों की तहरीर पर चार-चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
