Spread the love

अजमल अंसारी

बिजनौर (परिपाटी न्यूज़)चांदपुर कार्तिक पूर्णिमा पर नारनौर गंगा घाट पर स्नान कर घर लौट रहे एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं चांदपुर जलीलपुर मार्ग पर अकबरपुर सीमली गांव के पास गन्ने से भरे एक अनियंत्रित ट्रक ने पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार लोग नीचे दब गए। दुर्घटना में 35 वर्षीय महिला विमलेश और उनकी आठ वर्षीय बेटी निधि की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर ट्राली में सवार कई सदस्य घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, थाना चांदपुर क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर झोझा निवासी निलेश अपने परिवार के साथ कार्तिक पूर्णिमा पर नारनौर गंगा घाट पर स्नान करने गए थे। मंगलवार को स्नान के बाद सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनका वाहन अकबरपुर सीमली के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे गन्ने से लदे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई और उसमें सवार लोग उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

ट्रैक्टर चालक निलेश करीब आधे घंटे तक ट्रॉली के नीचे दबे रहे, जिन्हें जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्याऊ पहुंचाया गया। जहां निलेश और जानकी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं पूजा, मुन्नी, ओमपाल और प्रिंस को मामूली चोटें आईं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक बिजनौर के अनुसार, मामले में तहरीर प्राप्त होने पर अभियोग पंजीकृत किया जाएगा। फिलहाल पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई और मामले की जांच में जुटी है। हादसे के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

By Paripati News

परिपाटी न्यूज़ की डिजिटल डेस्क टीम निष्पक्ष, सटीक और ताज़ा खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, प्रशासन और समसामयिक मुद्दों की गहन रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *