भारी पुलिस बल और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संपन्न हुआ मेला, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
अजमल अंसारी
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़) चांदपुर नारनौर घाट धाम पर आयोजित पांच दिवसीय कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेला श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में कुशलतापूर्वक संपन्न हो गया। पांच दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में लगभग एक लाख श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। मेले में दूरदराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए थे। पूरे मेला परिसर को भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया। पुलिस बल, पीएसी तथा अग्निशमन विभाग की टीमों ने मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। सुरक्षा व्यवस्था के चलते मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

मेले का विधिवत उद्घाटन एक दिन पूर्व पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गौतम राय ने किया था। उद्घाटन के अवसर पर उन्होंने मेला परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पांच दिनों तक चले मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। धार्मिक आस्था के साथ मेले में सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों ने भी आकर्षण बढ़ाया। विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी मेले में पहुंचकर श्रद्धालुओं की सेवा में सहयोग किया।
कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेला समिति ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के समन्वय से आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। मेला समिति ने मेले में सहयोग देने वाले जिला प्रशासन, पुलिस विभाग ,सुरक्षा बलों, स्वयंसेवीसंस्थाओं, स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया है।
