हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर बांटे पंपलेट,महिला पुलिसकर्मियों ने चौपाल लगाकर सुनीं समस्याएं
मुकुट यादव
सम्भल ( परिपाटी न्यूज़) महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा,सम्मान और स्वावलंबन को लेकर जनपद पुलिस की ओर से मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी के निर्देशन में जिलेभर में मिशन शक्ति केंद्रों पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। अभियान के तहत थाना क्षेत्रों में महिला पुलिसकर्मियों ने चौपाल लगाकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों,सुरक्षा तथा शासन की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान महिलाओं की समस्याएं भी सुनी गईं और उनके निस्तारण के लिए जागरूक किया गया।वहीं एंटी रोमियो टीमों ने प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूल-कॉलेजों, धार्मिक स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं एवं छात्राओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी।

पुलिसकर्मियों ने पंपलेट वितरित कर विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से बताया।महिलाओं को वीमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला हेल्पलाइन 181, स्वास्थ्य सेवा 102, एंबुलेंस सेवा 108 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई। मोबाइल में पैनिक बटन के इस्तेमाल का डेमो भी दिया गया।पुलिस का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक कर सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल सहायता दिलाना है।
