बैरक,डायल 112 वाहनों,कैंटीन और भोजनालय समेत विभिन्न शाखाओं की व्यवस्थाएं परखीं
मुकुट यादव
सम्भल(परिपाटी न्यूज़)बहजोई। पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने शुक्रवार को पुलिस लाइन बहजोई में साप्ताहिक परेड की सलामी लेकर परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित साप्ताहिक परेड के दौरान एसपी ने सबसे पहले परेड की सलामी ली और जवानों का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिसकर्मियों को फिट रखने के उद्देश्य से दौड़ लगवाई गई। परेड में शामिल जवानों के बीच एकरूपता,तालमेल और अनुशासन बनाए रखने के लिए ड्रिल का अभ्यास भी कराया गया।परेड के बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया।

उन्होंने बैरक,पीआरवी 112 वाहनों,कैंटीन, डायल 112 कार्यालय, स्टोर रूम,भोजनालय, परिवहन शाखा और यातायात कार्यालय की व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा। इस दौरान साफ-सफाई, उपकरणों के रखरखाव और अन्य व्यवस्थाओं की स्थिति देखी।एसपी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस लाइन में स्वच्छता बनाए रखने तथा सभी उपकरणों और वाहनों का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद अर्दली रूम में विभिन्न रजिस्टरों और अभिलेखों की जांच की गई। उन्होंने सभी अभिलेखों को समय से अद्यतन रखने और व्यवस्थाओं में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।
