Spread the love

पथराव और मारपीट में पांच लोग घायल, गंभीर हालत में युवक हायर सेंटर रेफर।

अजमल अंसारी

बिजनौर (परिपाटी न्यूज़)चांदपुर थाना क्षेत्र के महदूद नशी गांव में मंगलवार देर शाम मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ। इस दौरान अवैध तमंचे से कई राउंड फायरिंग किए जाने का आरोप है। गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि मारपीट में चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार, मंगलवार को एक बारात के दौरान दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। उस समय मौके पर मौजूद लोगों ने समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया था। आरोप है कि देर शाम घर लौटने के बाद दोनों पक्षों के लोग फिर आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान पथराव और फायरिंग होने लगी।संघर्ष के दौरान इंतजार के पुत्र फैजान के पैर में गोली लग गई।

वहीं इंतजार, इकरार, कासिम और नावेद सहित अन्य लोग भी घायल हो गए। घटना की सूचना पर परिजन और ग्रामीण घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्याऊ लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद फैजान की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।मामले में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आरोप लगाए गए हैं। एक पक्ष का आरोप है कि अल्ताफ ने गिरेबान पकड़कर हमला किया, जबकि दूसरे पक्ष ने भी मारपीट और फायरिंग के आरोप लगाए हैं। इंतजार पक्ष ने एक लाख रुपये के लेनदेन को लेकर पुरानी रंजिश होने की बात कही है। साथ ही दूसरे पक्ष के युवक द्वारा गोली चलाने का वीडियो होने का भी दावा किया है।चांदपुर थाना प्रभारी निरीक्षक सुधीर पंवार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि महदूद नशो गांव में दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हुई है। पांच घायलों को सीएचसी लाया गया था, जिनमें फैजान को गोली लगी है। फिलहाल पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

By Paripati News

परिपाटी न्यूज़ की डिजिटल डेस्क टीम निष्पक्ष, सटीक और ताज़ा खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, प्रशासन और समसामयिक मुद्दों की गहन रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *