Spread the love

अजमल अंसारी

बिजनौर (परिपाटी न्यूज़)चांदपुर जनगणना-2027 को लेकर चांदपुर शहर में स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई है। इसके तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर तक नागरिक घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार और आवास से संबंधित जानकारी दर्ज करा सकेंगे। इस बार जनगणना की प्रक्रिया को डिजिटल स्वरूप दिया गया है, जिससे नागरिकों को स्वयं अपने परिवार का विवरण भरने की सुविधा मिलेगी। स्वगणना के लिए नागरिकों को आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर उत्तर प्रदेश का चयन करना होगा। इसके बाद परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करना होगा। भाषा चुनने के बाद घर का पता, डिजिटल लोकेशन और परिवार के सभी सदस्यों का विवरण भरना होगा। फॉर्म जमा होने पर एक विशेष स्वगणना पहचान संख्या (एसईआईडी) जारी होगी, जिसे सुरक्षित रखना अनिवार्य है। जनगणना कर्मियों के घर पहुंचने पर यह पहचान संख्या दिखानी होगी।

इस बार परिवारों से कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें परिवार के सदस्यों का नाम, उम्र, लिंग, वैवाहिक स्थिति, धर्म, मातृभाषा, शिक्षा, रोजगार, दिव्यांगता और बैंकिंग सुविधाओं से संबंधित जानकारियां शामिल हैं। परिवार का मुखिया एक ही बार में सभी सदस्यों का विवरण दर्ज कर सकेगा। प्रत्येक सदस्य को अलग-अलग लॉगिन करने की आवश्यकता नहीं होगी। स्वगणना की प्रक्रिया अनिवार्य नहीं है। ऑनलाइन फॉर्म नहीं भरने वाले परिवारों का विवरण जनगणना कर्मी घर-घर जाकर दर्ज करेंगे। इसके लिए 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक मकान सूचीकरण एवं जनगणना का कार्य किया जाएगा, जबकि 5 से 9 जनवरी तक पुनरीक्षण होगा। पालिका के अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार भड़ाना ने नागरिकों से अपील की है कि जनगणना कर्मियों को सभी 40 सवालों के सही और सटीक जवाब दें। उन्होंने साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क करते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति के साथ बैंक पासवर्ड, एटीएम पिन, यूपीआई पिन या ओटीपी साझा न करें।

By Paripati News

परिपाटी न्यूज़ की डिजिटल डेस्क टीम निष्पक्ष, सटीक और ताज़ा खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, प्रशासन और समसामयिक मुद्दों की गहन रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *