Spread the love

विजेन्द्र सिंह सैनी

हरिद्वार (परिपाटी न्यूज़) रुड़की। नगर निगम के वार्ड नंबर-1 शेरपुर स्थित हाईवे पर राज टेंट हाउस में बीती रात करीब 12 बजे अचानक भीषण आग लगने से टेंट हाउस का पूरा सामान जलकर राख हो गया। इस दर्दनाक अग्निकांड में टेंट हाउस के मालिक विश्वराज सैनी को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। बताया जा रहा है कि पिछले 26 वर्षों की कड़ी मेहनत, संघर्ष और लगन से खड़ा किया गया उनका कारोबार महज कुछ घंटों में तबाह हो गया। जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे टेंट हाउस से धुआं उठता देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पास के भवन में रह रहे परिजनों और परिचितों में हाहाकार मच गया। आसपास के पड़ोसियों और पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने आग बुझाने के लिए भरसक प्रयास किए।

तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई, लेकिन शुरुआती दौर में छोटी दमकल गाड़ी पहुंचने के कारण आग पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो सका। पानी की सीमित क्षमता के चलते बड़ी दमकल गाड़ियों को मंगलौर और बहादराबाद से बुलाना पड़ा। स्थानीय लोगों के अनुसार, दमकल की बड़ी गाड़ियों को पहुंचने में लगभग एक घंटे का समय लग गया। तब तक आग टेंट हाउस के अधिकांश सामान को अपनी चपेट में ले चुकी थी। करीब चार घंटे तक आग बुझाने के प्रयास किए गए, लेकिन टेंट हाउस का सामान बचाया नहीं जा सका। आग बराबर स्थित रिहायशी भवन तक भी पहुंच गई थी। हालांकि, अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद रिहायशी भवन में लगी आग पर काबू पाया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शुरुआत में ही बड़ी दमकल गाड़ी मौके पर पहुंच जाती तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। इस पूरे घटनाक्रम में अग्निशमन विभाग की शुरुआती व्यवस्था और दमकल गाड़ियों की उपलब्धता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

By Paripati News

परिपाटी न्यूज़ की डिजिटल डेस्क टीम निष्पक्ष, सटीक और ताज़ा खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, प्रशासन और समसामयिक मुद्दों की गहन रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *