मुकुट यादव
सम्भल ( परिपाटी न्यूज़) बहजोई। जमीन पर कब्जा करने की रंजिश में मां-बेटे की हत्या कर उसे सड़क हादसा दिखाने की सनसनीखेज साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में मृतक के सगे भाई और उसके दो बेटों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल तकिया, ई-रिक्शा और मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, बहजोई थाना क्षेत्र के गांव करीमपुर निवासी राकेश और उसके भाई किशनपाल के नाम करीब 30 बीघा जमीन थी। आरोप है कि राकेश के नाबालिग रहने के दौरान किशनपाल ने 13 बीघा जमीन बेच दी थी। शेष आठ बीघा जमीन पर भी किशनपाल और उसके बेटे अमित उर्फ मिंटू व संजीव कब्जा करना चाहते थे।राकेश अपनी पत्नी विमला के साथ अलीगढ़ में बसना चाहता था। उसकी मां नैक्सी भी उसका समर्थन कर रही थीं। इसी रंजिश में हत्या की साजिश रची गई।

आरोप है कि 10 सितंबर की रात किशनपाल,अमित और संजीव ने तकिये से मुंह दबाकर राकेश और उसकी मां नैक्सी की हत्या कर दी।इसके बाद दोनों शवों को ई-रिक्शा में रखकर बहजोई-संभल मार्ग पर जियो पेट्रोल पंप के पास ले गए। वहां शव सड़क पर डालकर उनके ऊपर ई-रिक्शा पलट दिया,ताकि घटना दुर्घटना लगे। आरोपियों ने विमला को सूचना दिए बिना दोनों का अंतिम संस्कार भी कर दिया।एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी के निर्देशन में बहजोई पुलिस ने रविवार को सुबह करीब 3:30 बजे परतापुर के यात्री शेड के पास से किशनपाल,अमित और संजीव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
