Spread the love

अजमल अंसारी

बिजनौर ( परिपाटी न्यूज़ ) तहसील चांदपुर में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का एसडीएम प्रशांत वर्मा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं, कर्मचारियों की उपस्थिति और प्रशिक्षण की गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने प्रशिक्षण में शामिल प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को जनगणना कार्य की महत्ता समझाते हुए निर्देश दिए कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करें। प्रशिक्षण में जनगणना प्रक्रिया, आंकड़ों के संकलन, अभिलेखों के रखरखाव और डिजिटल माध्यम से सूचनाएं दर्ज करने संबंधी जानकारी दी जा रही है। एसडीएम प्रशांत वर्मा ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके आधार पर सरकार विभिन्न विकास योजनाओं का निर्धारण करती है।

ऐसे में प्रत्येक परिवार से सही और पूर्ण जानकारी प्राप्त करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे नागरिकों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार रखें और जनगणना के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचने के लिए सावधानीपूर्वक कार्य करें। निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षणार्थियों की समस्याओं और जिज्ञासाओं को भी सुना गया। एसडीएम ने प्रशिक्षण से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी कर्मचारी निर्धारित समय सीमा में प्रशिक्षण पूरा कर जनगणना कार्य के लिए पूरी तरह तैयार रहें। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना कार्य को पारदर्शी, व्यवस्थित और त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *